30 C
Lucknow
Sunday, August 30, 2026

डीएम ने जिला महिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण

Must read

 

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और मरीजों की सुविधा बढ़ाने के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने रविवार को जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने महिला वार्ड, शिशु वार्ड और एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पीडियाट्रिक वार्ड में स्थापना से संबंधित पदों पर आवश्यक तैनाती के लिए शासन को तत्काल मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक शासन स्तर से पदों पर तैनाती नहीं होती, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत महिला अस्पताल में तैनात पीडियाट्रिशियन स्टाफ का सहयोग लिया जाए, ताकि नवजात शिशुओं और बच्चों के उपचार में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विवेकाधीन कोष से एसएनसीयू के लिए आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति की कार्रवाई शीघ्र पूरी कराई जाए। उन्होंने कहा कि गंभीर नवजात शिशुओं को बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के लिए संसाधनों की कमी आड़े नहीं आनी चाहिए।
डीएम ने ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। जनमानस की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि ऑपरेशन थिएटर के बाहर रोस्टर के अनुसार सर्जरी करने वाले चिकित्सकों की सूची चस्पा की जाए। इससे मरीजों और उनके परिजनों को संबंधित चिकित्सक के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और चिकित्सकों व मेडिकल स्टाफ की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जाएंगे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article