शमशाबाद, फर्रुखाबाद। किसानों और ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान मजदूर यूनियन एक सितंबर को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेगी। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राम बहादुर राजपूत ने बताया कि करीब डेढ़ दर्जन पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिलकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करेगा।
उन्होंने बताया कि ज्ञापन में प्रमुख रूप से शाम के समय होने वाली अघोषित बिजली कटौती बंद कराने, बच्चों को पुष्टाहार का नियमित वितरण सुनिश्चित कराने और कथित कालाबाजारी की जांच कराने की मांग की जाएगी। इसके अलावा नहरों व माइनरों की सफाई कर पानी छोड़ने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण की मांग भी उठाई जाएगी।
राम बहादुर राजपूत ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर फसल, कृषि भूमि और मकानों के नुकसान की क्षतिपूर्ति दिलाई जाए। साथ ही अधूरी पड़ी हर घर नल से जल योजना की पाइपलाइन पूरी कराने और पाइपलाइन डालने से क्षतिग्रस्त गांव की गलियों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की जाएगी। यह जानकारी उन्होंने समाचार प्रतिनिधि को दी।
किसानों की समस्याओं को लेकर एक सितंबर को डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन


