शमशाबाद, फर्रुखाबाद। फैज बाग-शमशाबाद मार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार अज्ञात लोडर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल लोहिया फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया। हादसे के बाद लोडर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम उलियापुर निवासी आदित्य कुमार रविवार को बाइक से किसी काम के सिलसिले में शमशाबाद जा रहा था। बाइक पर गांव निवासी राहुल पुत्र ओमेंद्र भी पीछे बैठा था। दोनों फैज बाग-शमशाबाद मार्ग पर मंडी समिति के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने की ओर से आ रहे अज्ञात लोडर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक लोडर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो चुका था।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक अलीम अंसारी ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। राहुल की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल लोहिया फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस फरार लोडर और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
अज्ञात लोडर की टक्कर से बाइक सवार घायल, एक की हालत गंभीर


