– पर्यटक और तीर्थयात्री भी लापता
– नेपाल के साथ मिलकर खोज-बचाव अभियान में जुटा चीन
बीजिंग/काठमांडू। नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद करीब 100 चीनी नागरिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने गुरुवार को बीजिंग में नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि लापता चीनी नागरिक नेपाल की ओर प्रभावित इलाके में हैं। चीन का दूतावास नेपाली अधिकारियों के साथ मिलकर इनकी जानकारी का सत्यापन कर रहा है।
लिन जियान के मुताबिक, लापता लोगों में पर्यटक और तीर्थयात्री भी शामिल हैं। हालांकि, सभी लापता लोगों की पहचान और संख्या की विस्तृत जानकारी अभी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आपदा के बाद चीन और नेपाल के बीच खोज एवं बचाव अभियान को लेकर लगातार संपर्क बना हुआ है।
चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि नेपाल स्थित चीनी दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और लापता नागरिकों के बारे में जानकारी जुटा रहा है। दूतावास ने नेपाल में मौजूद चीनी नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और संभावित दूसरे भूस्खलन व बाढ़ के खतरे से सावधान रहने की अपील की है।
उधर, चीन के तिब्बत क्षेत्र के प्रभावित हिस्से में भी बड़ी संख्या में लोग लापता हैं। चीनी अधिकारियों के अनुसार वहां 558 लोग लापता बताए गए हैं, जिनमें 260 विदेशी नागरिक शामिल हैं। इनकी राष्ट्रीयता की विस्तृत जानकारी का सत्यापन अभी जारी है।
नेपाल-चीन सीमा क्षेत्र में आई इस भीषण आपदा के बाद दोनों देशों की राहत और बचाव एजेंसियां मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। लगातार बारिश और दुर्गम पहाड़ी इलाकों के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें भी सामने आ रही हैं।


