शमशाबाद, फर्रुखाबाद। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को शमशाबाद नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी पूरे अकीदत और एहतराम के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नगर में जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया।
मोहल्ला गढ़ी से मुफ्ती जफर अहमद कासमी की सरपरस्ती में जुलूस शुरू हुआ। जुलूस की अगुवाई करते बच्चों के हाथों में इस्लामी परचम नजर आए, जबकि घुड़सवारों ने आकर्षण बढ़ाया। करीब एक दर्जन ट्रैक्टरों का काफिला भी जुलूस में शामिल रहा। मुख्य वाहन पर मुफ्ती जफर अहमद कासमी के साथ उलेमा मौजूद रहे।
जुलूस के दौरान नात-ए-पाक और तकरीर के माध्यम से पैगंबर हजरत मोहम्मद की सीरत और उनके बताए अमन, भाईचारे तथा सद्भाव के संदेश को लोगों तक पहुंचाया गया। जुलूस नगर के मुख्य बाजारों और विभिन्न गलियों से होकर गुजरा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग पैदल शामिल रहे।
जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। थाना पुलिस के जवान जुलूस मार्ग पर तैनात रहे और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाले रखा। कायमगंज सीओ राजेश द्विवेदी थाना चौराहा पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। शांतिपूर्ण माहौल में जुलूस संपन्न होने पर पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
अकीदत के साथ मनाया गया बारावफात, जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़ा जनसैलाब


