अयोध्या। कचहरी में पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हुए बंदी दीपक कुमार को पूराकलंदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को टावर से तार चोरी करते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तारी ददेरा गांव से की गई।
बताया गया कि दीपक कुमार को पुलिस कस्टडी में कचहरी में पेशी के लिए लाया गया था। 20 अगस्त को पेशी के दौरान उसने पुलिस को चकमा दिया और फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और फरार बंदी की तलाश में टीमें लगाई गईं।
पूराकलंदर थाना पुलिस ने फरार बंदी की तलाश के दौरान सूचना के आधार पर ददेरा गांव में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक दीपक कुमार वहां मोबाइल टावर से तार चोरी करने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके फरार होने के बाद की गतिविधियों और तार चोरी की घटना में उसकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है। साथ ही पुलिस कस्टडी से फरार होने के मामले में भी उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।:::


