– शॉर्ट सर्किट के बाद कार में लगी भीषण आग
– दरवाजा लॉक होने से अंदर फंसे
– फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में कार सवार व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चलती कार में वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने के बाद अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवार को संभलने या बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इसी दौरान कार का दरवाजा लॉक हो जाने से वह अंदर ही फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही पलों में धुआं आग की तेज लपटों में बदल गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद कार के अंदर एक व्यक्ति का जला हुआ शव मिला। मृतक की पहचान राजनारायण के रूप में हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने क्षतिग्रस्त कार से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस कार की वायरिंग और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच करा रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारण का पता चल सके।
सफदरगंज थाना प्रभारी अमर चौरसिया ने बताया कि कार में आग लगने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में कार की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आई है।
थाना प्रभारी के मुताबिक पुलिस हादसे की परिस्थितियों और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। कार के दरवाजे लॉक होने की स्थिति समेत अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।
इस दर्दनाक हादसे ने वाहन की वायरिंग और विद्युत प्रणाली की नियमित जांच तथा आपात स्थिति में सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।


