नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बराकेशव के मजरा नगला जब्ब में गुरुवार दोपहर चकबंदी की कार्रवाई के दौरान विवाद हो गया। किसानों ने मौके पर मौजूद कानूनगो और लेखपालों के साथ मारपीट की। कर्मचारियों ने एक ग्रामीण के घर में घुसकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी।
यह घटना गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे की है, जब नगला जब्ब में चकबंदी का कार्य चल रहा था। ग्रामीणों और चकबंदी कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया। ग्रामीणों ने कानूनगो महिपाल, कानूनगो शिवकुमार और लेखपाल सुरजीत, सत्य प्रकाश, अविनाश तथा राशिद के साथ मारपीट की। कर्मचारियों को काफी दूर तक दौड़ाया गया।
मारपीट से बचने के लिए कानूनगो और लेखपाल नगला जब्ब निवासी सुरेंद्र सिंह यादव के घर में घुस गए। उन्होंने तुरंत थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाठी फटकारकर स्थिति को नियंत्रित किया और कानूनगो-लेखपालों को सुरक्षा के साथ थाने ले आई।
इस घटना में नगला जब्ब निवासी तीन ग्रामीणों को भी चोटें आने की सूचना है। विवाद के दौरान एक मोटरसाइकिल और एक कुर्सी को भी नुकसान पहुँचाया गया।
पुलिस ने सभी घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज भेजा है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि सभी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


