रोम/कीव। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से शनिवार को आई बड़ी घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी। इटली के नेपल्स शहर के पश्चिम स्थित कैंपी फ्लेग्रेई क्षेत्र में 4.7 तीव्रता का भूकंप आने से 21 लोग घायल हो गए, जबकि कई इमारतों को नुकसान पहुंचा। मुख्य झटके के बाद कई आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य के साथ नुकसान का आकलन कर रहा है। फिलहाल किसी के मारे जाने की सूचना नहीं है।
वहीं, रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला कर दिया। इस हमले में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो किशोर भी शामिल हैं। लगातार हुए धमाकों के बाद लोगों को बंकरों में जाने की चेतावनी दी गई। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, हाल के महीनों में रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों में तेजी आने से यूक्रेन में नागरिकों की स्थिति और गंभीर हो गई है।
उधर, अमेरिका के सैन डिएगो में मरीन कॉर्प्स का अत्याधुनिक F-35B स्टील्थ फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे से पहले पायलट सुरक्षित इजेक्ट करने में सफल रहा और उसे मामूली चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब 950 करोड़ रुपये कीमत वाले इस लड़ाकू विमान के हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। यह एक महीने के भीतर अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के F-35B से जुड़ा दूसरा बड़ा हादसा है।


