31.5 C
Lucknow
Friday, July 31, 2026

प्रोविजन स्टोर का ताला तोड़कर हजारों की नकदी व सामान चोरी, पीड़िता ने नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नगरिया बहरापुर में एक प्रोविजन स्टोर में चोरी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही एक युवक पर घर में घुसकर दुकान का ताला तोड़ने तथा करीब 40 हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। मामले में शमशाबाद थाने में नामजद तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।
पीड़िता पुष्पा देवी, पत्नी राजकुमार, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने घर पर ही किराना एवं प्रोविजन स्टोर संचालित करती हैं, जिससे उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। आरोप है कि गांव निवासी सोनू पुत्र आलम दीवार के सहारे घर में घुस आया और दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
तहरीर के अनुसार, 29 जुलाई की रात करीब 11 बजे आरोपी घर में दाखिल हुआ और दुकान में रखी गुल्लक से लगभग 40 हजार रुपये की नकदी तथा अन्य कीमती सामान निकालने लगा। इसी दौरान बाहर बंधी भैंस की हलचल से पीड़िता के जेठ की पुत्री की नींद खुल गई। उसने कथित रूप से आरोपी को देखकर शोर मचा दिया, जिसके बाद आरोपी दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित युवक पहले भी इस प्रकार की घटनाओं में शामिल रहा है। उनका कहना है कि पूर्व में भी उसकी शिकायत ग्रामीणों के सामने की गई थी, जहां समझौता करा दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद उसकी गतिविधियों में कोई सुधार नहीं आया।
घटना के बाद पीड़िता ने शमशाबाद थाना पुलिस को नामजद तहरीर देकर चोरी की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article