33 C
Lucknow
Tuesday, September 15, 2026

बिजली कटौती के खिलाफ भाकियू स्वराज का प्रदर्शन

Must read

10 घंटे बिजली मिलने का दावा, लो वोल्टेज और बार-बार फॉल्ट से किसान परेशान

नवाबगंज, फर्रुखाबाद। अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नवाबगंज में जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अचरा मार्ग पर एकत्र हुए और डीजे के साथ नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में मुख्य बाजार मार्ग से बिजलीघर पहुंचे।
बिजलीघर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों के सामने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं रखीं।
जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने कहा कि नवाबगंज क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। रात के समय बार-बार बिजली आने-जाने से किसानों को खेतों की सिंचाई में परेशानी हो रही है। वहीं गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती से ग्रामीण और नगरवासी भी परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि नवाबगंज नगर पंचायत में 22 घंटे बिजली आपूर्ति का नियम है, लेकिन लोगों को मुश्किल से करीब 10 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। बिजली आने के बाद भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। रात में कुछ मिनट बिजली आने के बाद फिर आपूर्ति बाधित हो जाती है और यह सिलसिला कई बार चलता रहता है।
किसान यूनियन ने बार-बार होने वाले फॉल्ट को तत्काल ठीक कराने, निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति करने और अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गणेश महोत्सव, दुर्गा महोत्सव और रामलीला मंचन के दौरान शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक बिजली कटौती नहीं की जानी चाहिए, ताकि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
धरना-प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन एसडीओ नवाबगंज विद्यासागर को सौंपा। ज्ञापन में बिजली व्यवस्था में सुधार, किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने और नगर क्षेत्र में अघोषित कटौती बंद कराने की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान रंजीत राजपूत, पप्पू राठौर, अमित राठौर, विनीत राठौर, ब्रजेश सक्सेना सहित भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article