मोहम्मदाबाद: थाना क्षेत्र के ग्राम नगला खरिक निवासी उदयभान के पुत्र मोहित कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर गांव डूंगरपुर निवासी एक युवक पर मारपीट कर 20 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहित कुमार ने तहरीर में बताया कि 30 जुलाई 2026 को दोपहर करीब दो बजे वह अपने पिता से ट्रैक्टर की किस्त जमा करने के लिए 20 हजार रुपये लेकर बैंक जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में ग्राम डूंगरपुर निवासी भूपेंद्र पुत्र राजवीर ट्रैक्टर लेकर आ रहा था। रामविलास के घर के सामने भूपेंद्र ने ट्रैक्टर रोक दिया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर कथित तौर पर सरिया से मोहित के साथ मारपीट की गई, जिससे वह जमीन पर गिर गया।
मोहित का आरोप है कि इसी दौरान उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये निकालकर भूपेंद्र ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गया। मोहित ने ट्रैक्टर का पीछा किया, लेकिन आरोपी अपने गांव की ओर भाग निकला।
क्राइम प्रभारी निरीक्षक मुन्ना लाल यादव ने बताया कि रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर रोककर युवक से मारपीट, जेब से 20 हजार रुपये निकालने का आरोप


