कमालगंज : कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव राजेपुर सरायमेंदा में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग रामौतार की जान चली गई। बताया जा रहा है कि वह गांव के पास स्थित एक आम के बाग में पेड़ पर चढ़कर लकड़ी तोड़ रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार शाम करीब 5 बजे लकड़ी तोड़ते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे आ गिरे। हादसे के समय बाग के आसपास खेल रहे बच्चों ने यह देखा और तुरंत ग्रामीणों को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर दौड़े और गंभीर रूप से घायल रामौतार को ई-रिक्शा के जरिए कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. विकास पटेल ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रामौतार की मौत की सूचना पर उनकी दिव्यांग पत्नी श्यामा देवी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनकी एक विवाहित पुत्री है और परिवार में कोई पुत्र नहीं है।
मृतक के साथ अस्पताल पहुंचे ग्रामीण बृजेश ने बताया कि रामौतार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके जाने के बाद अब उनकी दिव्यांग पत्नी की देखभाल करने वाला कोई नहीं बचा है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राम सहाय सिंह ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


