लखनऊ। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर शहीदों को अनूठी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इंडियन हेल्पलाइन सोसाइटी (पंजीकृत) द्वारा संचालित सेवा प्रकल्प ‘बृज की रसोई’ ने मानवता और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली महाराज की कृपा से आयोजित इस सेवा अभियान के तहत आशियाना क्षेत्र के विभिन्न चिन्हित स्थानों पर 2 हजार से अधिक जरूरतमंद, निराश्रित, श्रमिक, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक स्वच्छ एवं पौष्टिक छोला-चावल का निःशुल्क भोजन कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए आयोजकों ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति सच्चा सम्मान तभी है, जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सेवा पहुंचाई जाए।
संस्था के संस्थापक विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि कारगिल के अमर वीरों का सम्मान केवल पुष्प अर्पित करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज सेवा को जीवन का हिस्सा बनाना ही वास्तविक श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि “एक निवाला किसी की मुस्कान बन सकता है” और इसी उद्देश्य से संस्था प्रत्येक रविवार निरंतर भोजन सेवा अभियान संचालित कर रही है। उन्होंने नागरिकों से जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, पुण्यतिथि तथा अन्य शुभ अवसरों पर जरूरतमंदों को भोजन कराकर इस सेवा अभियान से जुड़ने की अपील भी की।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि कारगिल विजय दिवस पर आयोजित यह सेवा अभियान देश के वीर शहीदों को समर्पित था। वहीं अनुराग दुबे ने कहा कि संस्था के स्वयंसेवकों ने पूर्व निर्धारित रूट प्लान के अनुसार विभिन्न स्थानों पर पूरी स्वच्छता, अनुशासन और सेवा-भाव के साथ भोजन वितरण किया।
विकास पाण्डेय ने कहा कि बृज की रसोई केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में करुणा, सहयोग, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का सतत प्रयास है। वहीं संजय श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे सेवा कार्य जनसहभागिता से ही सफल होते हैं और समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।
कार्यक्रम में सी.एच. तिवारी ने कहा कि “सेवा ही वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।” जबकि जालिम सिंह ने बृज की रसोई के सेवा कार्यों को मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। बलवंत सिंह ने कहा कि वीर शहीदों को नमन करने का सबसे श्रेष्ठ माध्यम समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।
इस अवसर पर सी.एच. तिवारी, जालिम सिंह, संजय श्रीवास्तव, दीपक भुटियानी, विकास पाण्डेय, नवलेश सिंह, आशीष श्रीवास्तव, अखिलेश सिंह, अनुराग दुबे, मुकेश कनौजिया, गोविन्द सिंह सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और भोजन वितरण कार्यक्रम को सफल बनाया।


