प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे ने जारी की अधिसूचना
विशेष संवाददाता, यूथ इंडिया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त 2026 से शुरू होगा। विधानसभा सचिवालय की ओर से इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे द्वारा जारी अधिसूचना के साथ ही सत्र की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी सत्र के दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक, अनुपूरक बजट और जनहित से जुड़े विषय सदन के पटल पर रख सकती है।
मानसून सत्र में प्रदेश सरकार अपनी विकास योजनाओं, कानून-व्यवस्था, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों का ब्यौरा सदन में प्रस्तुत करेगी। वहीं विभिन्न विभागों के कामकाज पर चर्चा के साथ कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।
दूसरी ओर विपक्ष भी सत्र को लेकर पूरी तरह तैयार है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, बिजली संकट, बाढ़ की स्थिति, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, महंगाई और प्रदेश के विकास कार्यों जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहे हैं।
विधानसभा सचिवालय ने सत्र को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। विधायकों को सूचना भेजने, प्रश्नों की सूची तैयार करने और सदन की कार्यवाही के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को भी लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।


