36 C
Lucknow
Tuesday, July 14, 2026

पुलिस डायरी: हत्या, साइबर ठगी, अपहरण, चोरी और अवैध हथियार समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज

Must read

 

फर्रुखाबाद। जनपद में मंगलवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या, साइबर ठगी, नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने, चोरी, अवैध हथियार, अवैध शराब, जुआ और मारपीट सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस ने सभी प्रकरणों में संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सबसे गंभीर मामला कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में सामने आया, जहां रोहिल्ला गांव निवासी श्याम सिंह उर्फ रामू पर एक व्यक्ति की चोट पहुंचाकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी थाने में न्यायालय के आदेश पर झूठे साक्ष्य तैयार कर मुकदमा दर्ज कराने के आरोप में सात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया।

कोतवाली फतेहगढ़ में ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने का झांसा देकर साइबर ठगी करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। वहीं एक अन्य मामले में नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और शिकायत करने पर धमकी देने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
थाना राजेपुर में मोबाइल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साइबर ठगी करने के आरोप में एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं थाना साइबर क्राइम फतेहगढ़ में जस्ट डायल पर फर्जी विज्ञापन देकर सस्ते दाम पर पान मसाला और सिगरेट उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में भी केस दर्ज किया गया।
थाना कायमगंज में गोवध अधिनियम के वांछित एवं इनामी आरोपी चंदा उर्फ चाँदमियां पर पुलिस हिरासत से भागने, पुलिस टीम पर फायरिंग करने और अवैध तमंचा रखने के आरोप में नया मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
थाना कादरीगेट में मोबाइल चोरी और सड़क दुर्घटना के दो अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज हुए। थाना शमसाबाद में अवैध तमंचा बरामद होने, गौशाला से इनवर्टर, बैटरी, सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य सामान चोरी होने तथा मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में रिपोर्ट दर्ज की गई।
कोतवाली फर्रुखाबाद में सट्टा खिलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सट्टा पर्चियां और नकदी बरामद होने का दावा किया गया है।
थाना कम्पिल में सात लाख रुपये और सोने के आभूषण हड़पने, मारपीट, फायरिंग और धमकी देने के मामले में न्यायालय के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं एक अन्य मामले में ई-रिक्शा की टक्कर से युवक की मौत के संबंध में भी रिपोर्ट दर्ज की गई।
इसके अलावा कमालगंज, नवाबगंज, मऊदरवाजा और मेरापुर थाना क्षेत्रों में मारपीट, गाली-गलौज, अवैध शराब बरामदगी और अन्य मामलों में भी विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article