लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सड़क नेटवर्क को नई ऊंचाई देने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश के लिए करीब 60 हजार करोड़ रुपये की नई सड़क एवं राजमार्ग परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसके तहत 5 लाख की आबादी वाले प्रत्येक शहर में बाईपास बनाया जाएगा, जबकि हर जिला मुख्यालय को फोरलेन सड़क से जोड़ने की योजना को भी स्वीकृति मिल गई है।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में की। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में 4,850 करोड़ रुपये से अधिक लागत की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पूर्व से पश्चिम तक एक्सप्रेसवे नेटवर्क विकसित हो चुका है। अब सरकार का लक्ष्य प्रदेश के उत्तर और दक्षिण क्षेत्रों को भी आधुनिक सड़क नेटवर्क से जोड़ना है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से उद्योग, व्यापार, पर्यटन, कृषि और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही छोटे और मध्यम शहरों में यातायात का दबाव कम होगा तथा लोगों को सुरक्षित और तेज यात्रा की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कानून व्यवस्था और तेज विकास के कारण देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से प्रदेश में सड़क विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।


