– रामलला के दर्शन कर लिया आशीर्वाद
अयोध्या। अभिनेता अनुपम खेर की आगामी फिल्म “श्री रामभूमि” की शूटिंग का शुभारंभ गुरुवार को अयोध्या में हुआ। शूटिंग के पहले दिन अनुपम खेर ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और फिल्म की सफलता, देश की समृद्धि तथा सभी लोगों के सुख-शांति की कामना की।
रामलला के दर्शन के बाद अनुपम खेर ने कहा कि अयोध्या की पावन भूमि पर आकर उन्हें अत्यंत सुखद और आध्यात्मिक अनुभूति हुई। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने परिवार, मित्रों, फिल्म की पूरी टीम और देश-दुनिया के सभी लोगों के लिए भगवान श्रीराम से आशीर्वाद मांगा।
मंदिर परिसर में देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं के बीच अनुपम खेर ने भी “जय श्री राम” के उद्घोष में सहभागिता की। भक्तिमय वातावरण और श्रद्धालुओं की आस्था ने इस अवसर को और भी विशेष बना दिया।
अनुपम खेर ने कहा कि श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनकी नगरी अयोध्या से फिल्म की शुरुआत करना उनके जीवन का एक यादगार और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि “श्री रामभूमि” दर्शकों के दिलों तक पहुंचेगी और भारतीय संस्कृति, आस्था तथा मूल्यों का सशक्त संदेश देगी।
राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से वैश्विक पहचान बना चुकी है। ऐसे में इस पावन धाम से फिल्म की शूटिंग शुरू होना फिल्म जगत के लिए भी एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।


