फर्रुखाबाद। भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से जूझ रहे नगरवासियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पंचायत शमशाबाद ने खराब पड़े वाटर कूलर को बदलने तथा क्षतिग्रस्त पानी की टंकी को प्रतिस्थापित करने का निर्णय लिया है। इस पहल से नगर के कई मोहल्लों में शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था फिर से सुचारु हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत शमशाबाद द्वारा नगर के विभिन्न मोहल्लों में आम लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुल 24 वाटर कूलर स्थापित किए गए हैं। इनमें से मोहल्ला दलमीर खां स्थित एक वाटर कूलर पूरी तरह खराब हो गया है। इसके चलते स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी में पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने इस समस्या से नगर पंचायत अध्यक्ष को अवगत कराते हुए खराब वाटर कूलर को बदलवाने और पेयजल व्यवस्था को शीघ्र बहाल करने की मांग की थी। जनहित की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत ने खराब वाटर कूलर के स्थान पर नया वाटर कूलर लगाने का निर्णय लिया है।
इसके अलावा अलेपुर मंदिर के पास लगे वाटर कूलर की प्लास्टिक पानी की टंकी भी उत्पाती बंदरों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दी गई है। टंकी टूट जाने से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है, जिससे वहां आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पा रहा था। इस समस्या को लेकर मोहल्ले के लोगों ने नगर पंचायत से नई पानी की टंकी लगाने की मांग की थी।
नगर पंचायत कार्यालय के लिपिक पवन कुमार ने बताया कि दोनों मामलों की शिकायत प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अलेपुर मंदिर के पास लगी क्षतिग्रस्त प्लास्टिक पानी की टंकी को शीघ्र बदलवाया जाएगा। साथ ही मोहल्ला दलमीर खां में खराब पड़े वाटर कूलर के स्थान पर नया वाटर कूलर स्थापित कर पेयजल समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।
नगरवासियों ने नगर पंचायत के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। लोगों ने उम्मीद जताई कि नगर पंचायत शीघ्र कार्य पूरा कर नागरिकों को राहत प्रदान करेगी।
खराब वाटर कूलर बदलेगा नगर पंचायत, टूटी पानी की टंकी भी होगी प्रतिस्थापित; भीषण गर्मी में लोगों को मिलेगी राहत


