जहानगंज। राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले महान राष्ट्रवादी विचारक, प्रखर शिक्षाविद् एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर सोमवार को जहानगंज में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके राष्ट्र निर्माण के विचारों को याद किया गया।
कार्यक्रम में भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद राजपूत, मंडल अध्यक्ष अनुज कटियार सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया, जिसे देश सदैव स्मरण रखेगा।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि “एक पेड़, एक संकल्प — राष्ट्र सेवा और प्रकृति संरक्षण” केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।


