शमशाबाद, फर्रुखाबाद। समाजवादी छात्र सभा द्वारा रविवार को “पीडीए वृक्षारोपण अभियान” का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा आम लोगों से अधिकाधिक संख्या में वृक्ष लगाने की अपील की।
कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष हर्ष गंगवार के नेतृत्व में किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना, हरित वातावरण का निर्माण करना तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूकी ने पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष हर्ष गंगवार ने कहा कि समाजवादी छात्र सभा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। पीडीए वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से संगठन का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाए और पूरे क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है।
कार्यक्रम के दौरान सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर अनिल यादव, आदेश यादव, डॉ. हरनंदन सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष आनंद यादव, साजेब, संजीव कुमार, दीपक श्रीवास्तव, दीपक यादव, इमरान मेराज, सभासद साजिद अली, छात्र सभा के उपाध्यक्ष एवं सभासद सारिक अली, छात्र सभा के जिला सचिव डॉ. विवेक, सचिन यादव, अनिल कुमार, जितेंद्र दिवाकर, नगर अध्यक्ष अरविंद यादव, छात्र सभा के जिला उपाध्यक्ष हैप्पी, सोनू, सलमान, दीपक गंगवार, जिला सचिव बीके गंगवार, डॉ. युसूफ, जिला सचिव सम्राट मौर्य, कुलश्रेष्ठ सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समाजवादी छात्र सभा ने पीडीए वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ


