फर्रुखाबाद। जिला गंगा समिति के तत्वावधान में शनिवार को पांचाल घाट पर मां गंगा को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाए रखने के उद्देश्य से साप्ताहिक गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में गंगा योद्धाओं, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गंगा घाट पर फैली गंदगी को साफ किया तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने घाट पर फैली प्लास्टिक, पॉलिथीन, खंडित मूर्तियां, पुराने कपड़े, कांच एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्रित की। लगभग दो कुंतल कूड़ा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण कराया गया। अभियान के दौरान घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं से भी अपील की गई कि वे पूजा सामग्री एवं अन्य कचरे का गंगा नदी में विसर्जन न करें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाट पर आते हैं, लेकिन कई लोग पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य कचरा घाट पर ही छोड़ जाते हैं। इससे न केवल गंगा का जल प्रदूषित होता है, बल्कि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते लोगों की आदतों में बदलाव नहीं आया तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि गंगा नदी से हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। इसलिए जिस प्रकार हम अपने घर को साफ-सुथरा रखते हैं, उसी प्रकार गंगा तट को भी स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक का छोटा-सा प्रयास भी मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने में बड़ा योगदान दे सकता है।
अभियान के दौरान गंगा स्नान करने आए श्रद्धालुओं को अपशिष्ट सामग्री नदी में प्रवाहित करने से रोका गया तथा घाट पर मौजूद पंडितों, पुजारियों, दुकानदारों और नाविकों से भी गंगा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा अन्य लोगों को जागरूक करने की अपील की गई।
इस अवसर पर समर्पण सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष रोहित दीक्षित, गंगा योद्धा सुमित कुमार, विकास कुमार, मीना कटियार, शुभम, हर्ष सहित अनेक युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
पांचाल घाट पर चला साप्ताहिक गंगा स्वच्छता अभियान, दो कुंतल कूड़ा हटाकर स्वच्छता का दिया संदेश


