33.7 C
Lucknow
Wednesday, July 1, 2026

ई-रजिस्ट्रीकरण के विरोध में सदर तहसील बार एसोसिएशन की हड़ताल समाप्त, आज से कामकाज शुरू

Must read

 

फर्रुखाबाद। बार एसोसिएशन तहसील सदर फर्रुखाबाद ने ई-रजिस्ट्रीकरण एवं निबंधन व्यवस्था के विरोध में चल रही हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। बुधवार को बार एसोसिएशन सभागार में अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों एवं स्टांप विक्रेताओं की संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया।

बैठक में बताया गया कि अधिवक्ताओं ने 25 जून 2026 से ई-रजिस्ट्रीकरण एवं निबंधन नियमों के विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया था। इस दौरान शासन स्तर पर हुई वार्ता और प्रदेश की अन्य तहसीलों में हड़ताल समाप्त किए जाने के निर्णय पर विचार-विमर्श किया गया।

बार एसोसिएशन ने अपने प्रस्ताव में कहा कि सरकार द्वारा अधिवक्ताओं की मांगों पर सकारात्मक पहल किए जाने की उम्मीद के मद्देनजर 1 जुलाई 2026 से हड़ताल समाप्त कर दी गई है। इसके साथ ही सभी अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक और स्टांप विक्रेता अपने-अपने कार्य पूर्व की भांति प्रारंभ करेंगे।

हालांकि बार एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में ई-रजिस्ट्रीकरण व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं हुआ और अधिवक्ताओं के हित प्रभावित हुए, तो आवश्यक होने पर पुनः आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया जा सकता है।

बार एसोसिएशन तहसील सदर के अध्यक्ष अतर सिंह कटियार तथा सचिव अतुल कुमार मिश्रा (एडवोकेट) की ओर से जारी सूचना के बाद तहसील परिसर में रजिस्ट्री एवं अन्य न्यायिक कार्य फिर से सामान्य रूप से शुरू हो गए हैं, जिससे आम नागरिकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article