नवाबगंज। नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिन नगर क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय नगला झब्बू सिंह में बुधवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता रैली एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना तथा अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय पहुंचे नवप्रवेशी एवं अन्य बच्चों का तिलक लगाकर तथा फूलमाला पहनाकर स्वागत करने के साथ हुआ। शिक्षकों के आत्मीय स्वागत से बच्चों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
इसके बाद छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के महत्व पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, कविता और लघु नाटिकाओं के माध्यम से बच्चों ने नियमित विद्यालय आने तथा शिक्षा के महत्व का प्रभावी संदेश दिया। वहीं विद्यालय की ओर से निकाली गई जागरूकता रैली ने क्षेत्रवासियों से अपने बच्चों का नामांकन कराकर नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।
सहायक अध्यापिका प्रतिभा वर्मा ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। विद्यालय का प्रयास है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं आनंददायक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रामबरन, सहायक अध्यापिकाएं प्रतिभा वर्मा, नेहा वर्मा, प्रियंका यादव, सहायक अध्यापक आकाश राजपूत, शिक्षामित्र नीलम एवं अखिलेश सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विद्यालय प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


