कायमगंज, फर्रुखाबाद। बुधवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से लोगों को राहत तो दिलाई, लेकिन नगर की बदहाल जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खोल दी। कुछ ही देर की बारिश में कायमगंज कोतवाली परिसर, मुख्य चौराहा, ट्रांसपोर्ट क्षेत्र, बजरिया, सधवाड़ा और जटवारा रोड समेत कई प्रमुख स्थानों पर घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सबसे अधिक परेशानी कोतवाली परिसर में देखने को मिली, जहां फरियाद लेकर पहुंचे लोगों को गंदे पानी से होकर अंदर जाना पड़ा। बारिश का पानी कोतवाली के कंप्यूटर कक्ष और आवासीय हिस्सों तक पहुंच गया, जिससे पुलिसकर्मियों को भी असुविधा हुई। नगर के कई निचले इलाकों में स्थित मकानों और दुकानों में भी पानी घुस गया, जिससे लोगों को सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
बारिश के दौरान शहर में रुक-रुककर बूंदाबांदी का सिलसिला भी जारी रहा। हालांकि, इस बारिश से पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। क्षेत्र में खड़ी गन्ना, मक्का तथा अन्य खरीफ फसलों को इस वर्षा से पर्याप्त लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे किसानों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
स्थानीय लोगों ने नगर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग करते हुए कहा कि हर वर्ष थोड़ी सी बारिश में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।


