एक ही रात में तीन जगह धावा
जहानगंज। कस्बा जहानगंज में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हालात ऐसे हैं कि चोर बेखौफ होकर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में नाकाम नजर आ रही है। सबसे हैरानी की बात यह है कि ताजा चोरी की घटना थाना जहानगंज से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मंगलवार शाम निलेश कुमार पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी लक्ष्मण नगला, अपनी हार्डवेयर की दुकान बंद कर गांव चले गए थे। बुधवार सुबह करीब सात बजे दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की बाउंड्री कूदकर आए चोर खिड़की तोड़ चुके थे। दुकान से ट्रिपाल के बंडल, रस्सियां और अन्य हार्डवेयर का सामान चोरी हो चुका था। पीड़ित के अनुसार करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने मामले की लिखित तहरीर पुलिस को दी है।
इसी रात कस्बे में कौशलेंद्र पुत्र श्रीपाल की हार्डवेयर दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। दुकान के बाहर खड़ा ई-रिक्शा चोर ले जाने लगे, लेकिन रात करीब 12 बजे आहट होने पर परिजनों ने पीछा किया तो चोर ई-रिक्शा छोड़कर फरार हो गए।
इसके अलावा कस्बे के एक ट्यूबवेल से भी चोर सामान उठा ले गए। चोरी किया गया कुछ सामान हार्डवेयर की दुकान के पास पड़ा मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर एक साथ कई स्थानों पर वारदात को अंजाम देकर भागे।
लगातार हो रही चोरियों से कस्बे के व्यापारियों और आम लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पिछले लंबे समय से जहानगंज में दर्जनों दुकानों को चोर निशाना बना चुके हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े गिरोह का खुलासा नहीं हो सका है। इससे चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उधर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राकेश सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने राजपूताना चौकी क्षेत्र से बीती रात पांच संदिग्ध चोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, लगातार हो रही वारदातों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब थाने के इतने करीब दुकानें सुरक्षित नहीं हैं तो दूरदराज के इलाकों की सुरक्षा का क्या हाल होगा। व्यापारी अब पुलिस से केवल आश्वासन नहीं, बल्कि चोरों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग कर रहे हैं।


