फर्रुखाबाद। जिले में चिकित्सकों की भारी कमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 22 संविदा डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थियों से 30 जून तक आवेदन मांगे गए हैं, जबकि चयन के लिए 7 और 8 जुलाई को विकास भवन सभागार में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
जिले में 130 स्वीकृत डॉक्टरों के पदों के मुकाबले वर्तमान में केवल 30 स्थायी चिकित्सक कार्यरत हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संविदा के आधार पर विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं।
भर्ती के तहत चार जनरल फिजीशियन, एनयूएचएम के अंतर्गत पीएचसी पर दो मेडिकल ऑफिसर, 15वें वित्त आयोग मद से 10 मेडिकल ऑफिसर तथा जिला चिकित्सालय सुदृढ़ीकरण के लिए छह इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) नियुक्त किए जाएंगे। सभी पदों के लिए एमबीबीएस डिग्री अनिवार्य होगी।
नियुक्त होने वाले चिकित्सकों की सेवाएं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य इकाइयों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों, संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में ली जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि चयन प्रक्रिया निर्धारित समिति की निगरानी में पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इन नियुक्तियों से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।


