नई दिल्ली/कानपुर। कानपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश अवस्थी को लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला द्वारा संसद की महत्वपूर्ण हाउसिंग कमेटी (आवास समिति) का सदस्य नियुक्त किया गया है। सांसद को मिली इस जिम्मेदारी से कानपुर के विकास और जनप्रतिनिधित्व को संसद की एक महत्वपूर्ण समिति में नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
आवास समिति संसद की महत्वपूर्ण समितियों में शामिल है, जो सांसदों के आवास से जुड़े विभिन्न मामलों, सुविधाओं तथा संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा और निगरानी करती है। समिति के माध्यम से सांसदों से जुड़े आवासीय एवं प्रशासनिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाता है।
सांसद रमेश अवस्थी की नियुक्ति को उनके समर्थकों और कानपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। समर्थकों का कहना है कि संसद की समिति में सदस्य के रूप में उन्हें जिम्मेदारी मिलने से उन्हें संसदीय कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा।
सांसद रमेश अवस्थी ने इस जिम्मेदारी के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संसद में कानपुर की आवाज को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र की जनता से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से सदन तक पहुंचाने के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
सांसद रमेश अवस्थी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, लोकसभा की आवास समिति के सदस्य नियुक्त


