प्रयागराज: प्रयागराज (Prayagraj) में 17 साल के किशोर की उसके ही दोस्तों ने कथित तौर पर 15 हजार रुपये के विवाद में हत्या (Murder) कर दी। आरोप है कि पांच दोस्तों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। किशोर के सिर पर चापड़ से कई वार किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने उसके हाथ की एक अंगुली भी काट दी. घटना के बाद शव गंगा किनारे मनसेता नाले के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया।
मृतक की पहचान झूंसी के कोहना बस्ती निवासी शांतनु दुबे (17) के रूप में हुई है, उसके पिता तीर्थ पुरोहित हैं। परिजनों के मुताबिक, शांतनु सोमवार रात करीब 9:30 बजे घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह पुलिस को मनसेता नाले के पास एक किशोर का शव पड़े होने की सूचना मिली।
पुलिस की जांच में सामने आया कि शांतनु की कुछ युवकों से दोस्ती थी। इनमें उज्जवल नाम के युवक से 15 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, उज्जवल ने कुछ महीने पहले शांतनु से रकम उधार ली थी और आर्थिक तंगी के कारण उसे वापस नहीं कर पा रहा था। शांतनु लगातार पैसे लौटाने का दबाव बना रहा था।
पुलिस के मुताबिक, उज्जवल ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर शांतनु को सोमवार रात फोन करके बुलाया। वहां उसे शराब पिलाई गई. इसके बाद रुपये लौटाने को लेकर बातचीत हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोस्तों ने शांतनु को पकड़ लिया और उज्जवल ने चापड़ से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल शांतनु कुछ दूर भागा, लेकिन गिरने के बाद उसकी मौत हो गई।
DCP सिटी सागर जैन के मुताबिक, परिवार की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी उज्जवल समेत चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में उज्जवल ने हत्या की बात स्वीकार की है। मामले में पांचवें आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


