लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ रियल एस्टेट निवेश के क्षेत्र में तेजी से उभरते केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रही है। उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने 14 नई आवासीय एवं व्यावसायिक परियोजनाओं को मंजूरी देकर प्रदेश के रियल एस्टेट सेक्टर को बड़ा प्रोत्साहन दिया है। इन परियोजनाओं में कुल 2,285 करोड़ रुपये के निवेश को हरी झंडी मिली है, जिससे निर्माण क्षेत्र में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
यूपी रेरा की 204वीं बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। रेरा अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न जिलों से प्राप्त परियोजनाओं के प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। तकनीकी और कानूनी मानकों की समीक्षा के बाद 14 परियोजनाओं को पंजीकरण और विकास की अनुमति प्रदान की गई।
विशेष बात यह है कि स्वीकृत परियोजनाओं में सबसे अधिक हिस्सेदारी राजधानी लखनऊ की रही। लखनऊ की सात परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिनमें लगभग 711 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि निवेशक और डेवलपर राजधानी में आवासीय और व्यावसायिक विकास की संभावनाओं को लेकर उत्साहित हैं।
रेरा द्वारा स्वीकृत इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के सात जिलों में कुल 3,548 नई आवासीय एवं अन्य इकाइयों का विकास किया जाएगा। इससे न केवल रियल एस्टेट क्षेत्र को मजबूती मिलेगी, बल्कि हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
लखनऊ बना रियल एस्टेट निवेश का नया केंद्र, यूपी रेरा ने 14 परियोजनाओं को दी मंजूरी


