– गोरखपुर में जनता दरबार लगाकर सुनीं लोगों की समस्याएं
– गोवंश को दुलारा
लखनऊ/गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में ध्वस्त बिजली आपूर्ति, जनसमस्याओं के निस्तारण और सुशासन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। एक ओर मुख्यमंत्री 15 जून को ऊर्जा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करने जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गोरखपुर प्रवास के दौरान उन्होंने जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 जून को बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे। प्रदेश में बढ़ती गर्मी और बिजली की बढ़ी मांग के बीच यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। बैठक में बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों की स्थिति, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत कटौती, शिकायतों के निस्तारण और आगामी दिनों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री पहले भी ऊर्जा विभाग को स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उधर, गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी दिनचर्या के अनुसार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर की गौशाला पहुंचकर गौ सेवा की और गायों को गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री की यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है और प्रत्येक गोरखपुर प्रवास के दौरान वह गौशाला जाकर गौवंश की देखभाल का जायजा लेते हैं।
मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दूर-दराज से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने एक-एक फरियादी से प्रार्थना पत्र लेकर उनकी शिकायतों का संज्ञान लिया। जनता दरबार में भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, पेंशन और विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को न्याय और राहत दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी पीड़ित को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।


