लखनऊ। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी रविवार को लखनऊ पहुंचे, जहां से वह सीधे बहराइच के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे को उत्तर प्रदेश की आगामी 2027 विधानसभा चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
ओवैसी बहराइच में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में चुनावी उत्साह भरने का प्रयास करेंगे। सूत्रों के अनुसार जनसभा के दौरान वह प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, अल्पसंख्यक प्रतिनिधित्व और स्थानीय मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रही पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सक्रिय दिखाई दे रही है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में संगठन का विस्तार कर उसे मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित किया जा सकता है।
बहराइच दौरे के दौरान ओवैसी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अलग से बैठक भी करेंगे। इस बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, नए सदस्यों को जोड़ने और चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ओवैसी का यह दौरा केवल एक जनसभा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह 2027 के चुनावी रण से पहले पूर्वांचल और तराई क्षेत्र में पार्टी की ताकत का आकलन करने और नए समीकरण बनाने की कवायद का हिस्सा भी है। ऐसे में बहराइच की यह रैली प्रदेश की बदलती राजनीतिक तस्वीर में अहम संकेत देने वाली मानी जा रही है।


