नवाबगंज। थाना क्षेत्र के डिलरा गांव में पुराने विवाद को लेकर गुरुवार रात जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि एक युवक घर में घुस आया और दंपति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पर महिला को भी नहीं बख्शा गया। घटना में पति-पत्नी घायल हो गए, जिनका पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया है।
पीड़ित रामौतार पुत्र नेकराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार रात करीब 10 बजे गांव निवासी शिवम उनके घर में घुस आया और पुराने विवाद को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। विवाद बढ़ने पर रामौतार और उनकी पत्नी धन देवी वहां से निकलकर गांव के प्रधान के घर जाने लगे।
आरोप है कि रास्ते में शिवम ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया और दंपति को रोक लिया। इस दौरान फिर से गाली-गलौज शुरू हो गई। विरोध करने पर शिवम और उसके साथियों ने रामौतार के साथ मारपीट कर दी। पति को पिटता देख बचाव के लिए पहुंचीं धन देवी को भी आरोपियों ने पीट दिया।
मारपीट में दोनों पति-पत्नी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


