मुंबई। वसई ईस्ट, मुंबई निवासी वरिष्ठ लेखक, स्तंभकार एवं पत्रकार अशोक भाटिया को उनकी उत्कृष्ट पत्रकारिता और प्रभावशाली लेखनी के लिए सम्मानित किया गया। उत्तरशक्ति हिंदी दैनिक में निरंतर प्रकाशित हो रहे उनके लेखों और समाचारों के माध्यम से समाचार पत्र की गरिमा बढ़ाने तथा समाज के विभिन्न मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
अशोक भाटिया को उनके आवास पर आयोजित एक सादे लेकिन गरिमामय समारोह में उत्तरशक्ति हिंदी दैनिक के संपादक ओमप्रकाश प्रजापति एवं सहयोगी दिलीप प्रजापति द्वारा प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का संकलन नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और जनसरोकारों को मुखरता से उठाने का माध्यम है। अशोक भाटिया ने अपनी लेखनी के माध्यम से वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित के विषयों को प्रमुखता से उठाकर पत्रकारिता जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है।
सम्मान प्राप्त करने पर अशोक भाटिया ने उत्तरशक्ति परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ लेखन कार्य करने की प्रेरणा देगा।
उत्तरशक्ति हिंदी दैनिक परिवार एवं पत्रकार जगत से जुड़े लोगों ने अशोक भाटिया के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।


