अयोध्या/यूथ इंडिया। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की धनराशि में कथित गड़बड़ी और चोरी के आरोपों ने अब राष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ ) ने भी रिपोर्ट तलब की है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सार्वजनिक नहीं किया गया है।
इसी बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य एवं मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र अयोध्या पहुंचे और ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि बैठक में दानपात्र प्रबंधन व्यवस्था, आंतरिक ऑडिट और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
सूत्रों के अनुसार ट्रस्ट के आंतरिक ऑडिट के दौरान कुछ वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां कई कर्मचारियों से पूछताछ कर रही हैं। वहीं कुछ लोगों के पास से नकदी बरामद होने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए जिम्मेदार लोगों की पहचान सार्वजनिक करने की बात कही है। उनका कहना है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।


