बरेली। सहारनपुर के चर्चित टपरी डिस्टलरी शराब घोटाले से जुड़े आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए बरेली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस प्रशासन ने शराब कारोबारी मनोज जायसवाल समेत पांच आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी है, जिसके बाद अब उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर बारादरी थाना पुलिस ने सभी आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई पूरी की। इसके साथ ही संबंधित इंस्पेक्टरों को आरोपियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
टपरी डिस्टलरी शराब घोटाला उत्तर प्रदेश के चर्चित मामलों में शामिल रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार इस प्रकरण में वित्तीय अनियमितताओं और शराब कारोबार से जुड़े कई गंभीर आरोप सामने आए थे। अब हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद आरोपियों की गतिविधियां पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज होंगी और उनके आवागमन, कारोबार तथा संपर्कों पर विशेष नजर रखी जाएगी।


