– शोक संवेदनाएं व्यक्त करने पहुंचे जनप्रतिनिधि
फर्रुखाबाद। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता स्वर्गीय राजेन्द्र नाथ कटियार की धर्मपत्नी एवं भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार की माताजी का निधन हो गया। वह लगभग 75 वर्ष की थीं। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार वह पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। उनका उपचार कानपुर स्थित एक उच्च चिकित्सा संस्थान में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का उनके आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
शोक व्यक्त करने पहुंचे सांसद मुकेश राजपूत एवं विधायक सुशील कुमार शाक्य ने परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।
दिवंगत माँ अपने सरल स्वभाव, धार्मिक प्रवृत्ति और सामाजिक व्यवहार के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों में भी गहरा दुख व्याप्त है।
अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक, किसान संगठन के पदाधिकारी, राजनीतिक कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।


