नई दिल्ली। तीन दिन की देरी के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और केरल, कर्नाटक व तमिलनाडु को पार करते हुए गोवा पहुंच गया है। मुंबई में भी इसके जल्द पहुंचने की संभावना है। फिलहाल पणजी, बेंगलुरु, सलेम और पंबन में तेज बारिश हो रही है।
केरल में आज रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां अगले 24 घंटे में अत्यधिक बारिश की आशंका है। वायनाड और कासरगोड में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जबकि कई पर्यटन और पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में मानसून पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों तक पहुंच सकता है। वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।


