लखनऊ। राजधानी लखनऊ में उस समय हल्की अफरा-तफरी की स्थिति बन गई जब रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की फ्लीट रास्ता भटक गई। वे शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे सीतापुर रोड पर आयोजित कथा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शहर की ओर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, फ्लीट इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास ओवरब्रिज पर चढ़ने के बजाय नीचे वाले मार्ग की ओर चली गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में कुछ देर के लिए भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थिति को संभालते हुए सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत सड़क पर उतरकर फ्लीट को रोका और बैरिकेडिंग हटाकर काफिले को सही मार्ग पर वापस मोड़ा। इसके बाद रक्षामंत्री का काफिला सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया।


