41.6 C
Lucknow
Saturday, June 6, 2026

सैफई से रेफर किए गए जटिल मरीज सहित 11 सफल ऑपरेशन, लोहिया अस्पताल में सभी का हुआ निशुल्क उपचार

Must read

फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) जिला पुरुष चिकित्सालय के सर्जरी विभाग ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए कुल 11 सफल ऑपरेशन संपन्न किए हैं। इनमें सैफई मेडिकल कॉलेज से रेफर किया गया एक अत्यंत जटिल और मोटापे (ओबेसिटी) से ग्रसित मरीज भी शामिल था, जिसका सफलतापूर्वक उपचार कर चिकित्सकों ने नई उम्मीद जगाई है।
सर्जरी विभाग के सर्जन मेजर (डॉ.) रोहित तिवारी के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने जटिल मामलों का सफल प्रबंधन करते हुए मरीजों को राहत प्रदान की। सैफई मेडिकल कॉलेज से भेजे गए गंभीर मरीज की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीज को ‘श्री रामचरितमानस’ की प्रति भेंट की गई, जिसका पाठ कर वह अपने नवजीवन की शुरुआत कर रहा है।
सर्जरी विभाग द्वारा किए गए ऑपरेशनों में तीन गॉल ब्लैडर के मामले, एक वयस्क हर्निया, छह वर्षीय बच्चे का एक जन्मजात (कॉन्जेनिटल) हर्निया, एक जटिल फिस्टुला तथा चार अन्य सामान्य सर्जिकल मामलों का सफल ऑपरेशन शामिल है। सभी मरीजों का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया गया।
शासन की मंशा के अनुरूप मिला मुफ्त इलाज
अस्पताल प्रशासन के अनुसार शासन की मंशानुसार इन सभी मरीजों का उपचार जिला चिकित्सालय में पूर्णतः निशुल्क (शून्य लागत) किया गया। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली है। निजी अस्पतालों में महंगे उपचार का खर्च वहन करने में असमर्थ मरीजों को सरकारी अस्पताल में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
मरीजों में बढ़ा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा
डॉ. आरएमएल चिकित्सालय में लगातार जटिल सर्जरी के सफल निष्पादन से आमजन का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर बढ़ रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और आधुनिक सुविधाओं के चलते अब दूर-दराज के मरीजों को भी बेहतर उपचार स्थानीय स्तर पर मिल रहा है।
सर्जन मेजर (डॉ.) रोहित तिवारी ने बताया कि सर्जरी विभाग मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समर्पित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की टीम का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार प्रदान कर उसे स्वस्थ जीवन की ओर वापस लाना है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article