फर्रुखाबाद। मऊदरबाजा थाना क्षेत्र के ग्राम हिदरैया मौजा खिनमिनी में 27 वर्षीय युवक रंजीत उर्फ कन्हैया का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के छज्जे की ग्रिल से दुपट्टे के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक की बड़ी बहन ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, रंजीत उर्फ कन्हैया पुत्र रामनरेश यादव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। गुरुवार को उसका शव घर के छज्जे की ग्रिल से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक की पत्नी प्रीति यादव ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब के नशे का आदी था और घटना के समय भी उसने शराब का सेवन किया हुआ था। रंजीत और प्रीति का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व हुआ था और दोनों का एक चार वर्षीय पुत्र भी है।
दूसरी ओर, मृतक की बड़ी बहन नीरू यादव ने घटना को आत्महत्या मानने से इंकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। नीरू यादव का आरोप है कि उसके भाई के साथ उसकी पत्नी, ससुराल पक्ष के लोगों तथा सालों ने मारपीट की थी, जिससे उसके शरीर पर चोटें आई थीं। उनका दावा है कि मारपीट के बाद रंजीत की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो।
बताया गया कि रंजीत अपने परिवार में दो बहनों के बीच सबसे छोटा था। उसकी माता का करीब एक वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। परिवार में पिता रामनरेश यादव, बड़ी बहन नीरू यादव तथा दूसरी बहन रितु यादव हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फील्ड यूनिट की जांच और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव फंदे पर लटका मिला, बहन ने पत्नी और ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप


