बाराबंकी। कुर्सी थाना क्षेत्र स्थित अनवारी गांव में शनिवार को प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर बने निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा और राजस्व, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।
प्रशासनिक जांच में पाया गया कि सरकारी तालाब और सड़क की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान बना लिए गए थे। इसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस देने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया गया। बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान कई अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार अब तक कुल 31 मकानों को अवैध कब्जे की श्रेणी में चिन्हित किया गया है। अभियान के तहत क्रमवार कार्रवाई जारी है और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि तालाब, सड़क, चकरोड और अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किए गए सभी अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।


