39.3 C
Lucknow
Friday, June 5, 2026

पुलिस ने तीन अंतरराज्यीय तस्करों को किया गिरफ्तार, 300 किलो गांजा जब्त, ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था माल

Must read

रायगढ़: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस (Raigarh Police) को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस ने ओडिशा से मध्यप्रदेश (Odisha to Madhya Pradesh) ले जाई जा रही लगभग 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गांजा, दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से दो वाहनों में भारी मात्रा में गांजा भरकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले ले जाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू की।

कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की। जांच के दौरान इनोवा वाहन में दो नंबर प्लेट लगी मिली। वाहन पर ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों के नंबर प्रदर्शित किए गए थे, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। पुलिस ने वाहनों में सवार निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य को एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक जानकारी देकर तलाशी ली। तलाशी में दोनों वाहनों से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों वाहनों से करीब 300 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही इनोवा क्रिस्टा, मारुति सुजुकी एक्सएल-6 तथा पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन भी शामिल हैं, जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंका गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों और पूरे तस्करी नेटवर्क की तलाश के लिए रायगढ़ पुलिस की विशेष टीम सरगुजा और अनूपपुर रवाना की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

  • निखिल कश्यप (23 वर्ष), निवासी रामानुजगंज, जिला बलरामपुर
  • रिंकु कश्यप (28 वर्ष), निवासी चिरगापारा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा
  • धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27 वर्ष), निवासी हराटोला, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)

जब्त सामग्री

  • लगभग 300 किलोग्राम गांजा
  • इनोवा क्रिस्टा कार
  • मारुति सुजुकी एक्सएल-6
  • 5 मोबाइल फोन (2 आईफोन सहित)

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन आघात के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article