42.2 C
Lucknow
Friday, June 5, 2026

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो शातिर लुटेरे घायल अवस्था में गिरफ्तार

Must read

 

हरदोई। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट, एसओजी और कोतवाली शहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली शहर क्षेत्र के बावन रोड पर पुलिस और अंतर्जनपदीय बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों की पहचान पवन गौतम और अंकित वर्मा के रूप में हुई है। दोनों पर लूट की कई घटनाओं में शामिल होने का आरोप है और पुलिस को उनकी लंबे समय से तलाश थी।

बताया जा रहा है कि संदिग्धों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक चोरी की स्कूटी, अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा लूटे गए जेवरात बरामद किए गए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी अंतर्जनपदीय गिरोह से जुड़े हैं और विभिन्न जिलों में लूट एवं चोरी की घटनाओं में सक्रिय रहे हैं। उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।

मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और उनके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article