फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क पर लड़ रहे दो सांडों को बचाने के प्रयास में दूध से लदी एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे के लोहे के एंगल से जा टकराई। हादसे में वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें लदा दूध सड़क पर फैल गया। गनीमत रही कि चालक और उसका हेल्पर बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है। दूध की पैकिंग लेकर एक वैन फर्रुखाबाद से कायमगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक सड़क के बीचों-बीच दो सांड आपस में लड़ते हुए वाहन के सामने आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में चालक ने वैन को सड़क किनारे मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह बिजली के खंभे के लोहे के एंगल से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। वाहन में रखी दूध की कई क्रेटें टूट गईं, जिससे बड़ी मात्रा में दूध सड़क पर बह गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
वैन चालक मोहित ने बताया कि यदि वह सांडों को बचाने का प्रयास न करता तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि वाहन को नुकसान पहुंचा है, लेकिन राहत की बात यह रही कि उसे और उसके हेल्पर को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस घटना ने एक बार फिर आवारा पशुओं के कारण सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


