लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी की छात्रसभा के लिए नई नीली ड्रेस लॉन्च करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीला रंग बहुजन समाज और विचारधारा का प्रतीक है। नई पीढ़ी की नई सोच है, इसलिए छात्रसभा की नई यूनिफॉर्म भी नई सोच के साथ आगे बढ़ेगी।
अखिलेश ने कहा कि यूनिफॉर्म में आने से गैर-बराबरी का भाव खत्म होता है और एकरूपता दिखाई देती है। छात्र नई ड्रेस के जरिए समाजवादी विचारधारा और मूल्यों को छात्र-नौजवानों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने छात्रसभा को चुनाव की तैयारियों में जुटने और कॉलेज-विश्वविद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोग रंगों से डरते हैं, भगवान से नहीं। उन्होंने चढ़ावे और चंदे में कथित चोरी को लेकर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा करने वाला सबसे बड़ा बहरूपिया होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सोशल मीडिया पर नकारात्मक प्रचार कर रही है और कहा कि डिजिटल मंच पर होने वाली इस लड़ाई से समाजवादी पार्टी पीछे नहीं हटेगी।
अखिलेश ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर हुए विवाद का भी जिक्र किया और सरकार पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्रसभा समाज में सौहार्द बढ़ाने का काम करेगी और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए युवाओं को जोड़ने का अभियान चलाएगी।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल कानून-व्यवस्था में किया जाएगा। साथ ही छात्रों के लिए जागरूकता कार्यक्रम, सदस्यता अभियान, सुझाव पत्र और मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान जैसे कार्यक्रम चलाए जाएंगे। गोरखपुर के चार नेताओं ने इस दौरान सपा की सदस्यता भी ग्रहण की।


