36.3 C
Lucknow
Friday, June 5, 2026

यूपी में आज 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य, सीएम योगी ने किया महाअभियान का शुभारंभ

Must read

 

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में आज “एक पेड़ मां के नाम” महाभियान के तहत रिकॉर्ड स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। राज्य सरकार ने एक ही दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर पौधरोपण कर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
सीएम योगी ने कहा कि “जननी और जन्मभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना हमारा कर्तव्य है। वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने के लिए पौधरोपण अभियान अत्यंत आवश्यक है।”
प्रदेशभर में वन विभाग, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत सड़क किनारे, विद्यालय परिसरों, सरकारी कार्यालयों, पार्कों, ग्राम समाज की भूमि और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए जा रहे हैं।
राज्य सरकार का दावा है कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। अधिकारियों को पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और निगरानी की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में वृक्ष का रूप ले सकें।
विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरू हुए इस विशेष अभियान को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और सामाजिक संगठन भी बड़ी संख्या में इसमें भागीदारी कर रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article