लखनऊ। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सभी बहुमंजिला इमारतों, होटलों, कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच कराने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए फायर सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अग्निशमन विभाग ने प्रदेशभर में निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। विभिन्न इमारतों और प्रतिष्ठानों में मौजूद फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। जहां भी सुरक्षा मानकों में कमी मिलेगी, वहां संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी आयोजित होगी, जिसमें विकास प्राधिकरण, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। सभी अधिकारियों को अग्नि सुरक्षा को लेकर अपनी कार्ययोजना के साथ बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी आदेश दिया है कि प्रदेश की बहुमंजिला इमारतों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर शासन को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जहां फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं हो रहा है, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार के इस कदम को प्रदेश में बढ़ती शहरी आबादी और बहुमंजिला भवनों में सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में फायर सेफ्टी नियमों के अनुपालन को लेकर और अधिक सख्ती बरती जाएगी।


