आगरा: यूपी के आगरा (Agra) में एक बेहद ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक युवक को उधार दिए गए पैसों को वापस मांगना महंगा पड़ गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत करते हुए मारपीट (Beating) करने के साथ ही जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
बता दें कि पूरा मामला थाना जगदीशपुरा क्षेत्र का है। बिचपुरी स्थित शिवधाम कॉलोनी निवासी दीपक कुमार नाम के युवक ने राजेश रावत को किसी काम के लिए 2.50 लाख रुपए उधार दिए थे। काफी दिन बीत जाने के बाद दीपक ने राजेश से 2.50 लाख रुपए लौटाने को कहा। इस दौरान राजेश ने दीपक को पैसे देने से इंकार कर दिया।
वहीं बात इतने में ही नहीं खत्म हुई, राजेश ने दीपक को जातिसूचक गालियां दी और डंडे से जमकर पीटा। इस दौरान उसने जान बचाकर अपने कार में बैठने की कोशिश की, लेकिन हमलावर ने गाड़ी को नुकसान पहुंचाया। दीपक का दावा है कि उसके पास सबूत के तौर पर वीडियो भी है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।


