37 C
Lucknow
Tuesday, June 2, 2026

सूर्य प्रताप सिंह हत्याकांड पर उबाल, हिंदू परिषद और बजरंग दल ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Must read

 

फर्रुखाबाद। गाजियाबाद में चर्चित सूर्य प्रताप सिंह हत्याकांड को लेकर जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपकर मामले में शेष आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।

राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग उपाध्यक्ष आचार्य अम्बरीष तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि सूर्य प्रताप सिंह की निर्मम हत्या ने पूरे सनातन समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद समाज में आक्रोश के साथ-साथ असुरक्षा की भावना भी पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा एक आरोपी के विरुद्ध की गई कार्रवाई सराहनीय है, लेकिन इस जघन्य अपराध में शामिल अन्य आरोपियों और सहयोगियों को भी कानून के शिकंजे में लाया जाना चाहिए।

ज्ञापन में कहा गया कि कानून का भय समाप्त होने पर ऐसी घटनाएं समाज में तनाव और भय का वातावरण पैदा करती हैं। इसलिए सभी दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई कर ऐसा संदेश दिया जाए कि भविष्य में कोई भी अपराधी इस प्रकार की घटना को अंजाम देने का साहस न कर सके।

अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला संयुक्त सचिव सतीश चंद्र दीक्षित ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन सूर्य प्रताप सिंह हत्याकांड जैसी घटनाएं समाज को विचलित करती हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक प्रक्रिया के तहत कराकर दोषियों को कठोर दंड दिलाया जाए।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की नीति अपनाई गई है और उन्हें उम्मीद है कि इस मामले में भी किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्याध्यक्ष कार्तिकेय शुक्ला, राष्ट्रीय एडवोकेट फोरम के जिला उपाध्यक्ष प्रशांत मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सत्यम वर्मा, कुलदीप दीक्षित, अजय मिश्रा, नीतीश पांडे, नगर अध्यक्ष भारत दुबे, राष्ट्रीय एडवोकेट फोरम के जिला अध्यक्ष आयुष सक्सेना, रौनक सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article